जंतर मंतर पर पूछा गया कि भारत माता है या बाप,
मैं कहता हूं, पूछो
पूछो उस १३ साल के आदि-शंकर के पद चिन्हों से,
जो आज तक केरल से लेकर,
इस देश की विशाल भूमि के चारों कोनों को नापे हुए हैं।
हाँ, पूछो वराह मिहिर के ज्यामितीय आकारों से,
भास्कर की कैलकुलस की प्रमेयों से,
और तक्षशिला के उन विशाल कक्षा कक्षों से,
जहां दुनियाभर से आए हुए छात्रों को,
विष्णगुप्त आज भी व्याख्यान दे रहा है।
उस पाटलिपुत्र के महल के,
प्राचीन ध्वंसावशेष से भी पूछना, अगर ढूंढ सको तो,
जहां चन्द्रगुप्त रहता था,
जिसके हाथियों से डरकर सिकंदर,
पंजाब से ही वापस लौटा था।
पूछो उस शक विध्वंसक प्रतापी विक्रमादित्य से,
जिसने विक्रम संवत चलाया था
या उस सिक्के से जिस पर समुद्रगुप्त वीणा बजा रहा है,
पूछ सको तो पूछो उन बौद्ध भिक्षुओं की लिखी पांडुलिपियों से,
जिनमें महादानी हर्षवर्धन प्रयाग में,
अपना वस्त्र छोड़कर सर्वस्व दान दे रहा है।
जाओ पूछो !
पूछो उस तराईन के मैदान से,
जहां गौरी अपना सिर झुकाए ,
पृथ्वीराज की तलवार से,
क्षमा की भीख मांग रहा है।
पूछो उस चित्तौड़ के वीरान जंगल के बूढ़े पेड़ से,
जिसकी छांव में बैठा प्रताप,
आज भी घास की रोटी खा रहा है।
पूछो, कुछ अपने आप से भी पूछो,
लेकिन तुम कहते हो कि इस देश ने तुम्हें क्या दिया है?
नहीं, अब मैं पूछता हूं तुमसे !
एसी कमरों में बैठे,
मोबाइल की स्क्रीनों पर उंगलियां फ़िराते,
स्वघोषित कीबोर्ड क्रांतिकारियों!
तुमने इस देश को क्या दिया है?
जो लोग सरहदों से लेकर प्रयोगशालाओं में,
इस देश को अपने खून पसीने से सींचते हैं,
वो तो कभी नहीं पूछते !
~ आशुतोष
(जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी प्रायोजित आंदोलन और अंततः संसद भवन की ओर मार्च की घटना पर लिखी गई)
Comments
Post a Comment