Skip to main content

भगवती का आशीष

लंका नगरी का समर क्षेत्र

रावण की मायावी सेना

लंका के सोने से सज्जित सब रथ

रथ पर वज्रों को लिए हुए मानवभक्षी सब दानवदल

प्रहस्त, महोदर, देवांतक

अतिकाय, अकम्पन, इन्द्रजीत

सब के सब भीषण महारथी।

रघुपति-लक्ष्मण हैं खड़े हुए रथहीन

हनुमान, अंगद और जामवंत

नल-नील, मयंद, द्विविद आदि

रघुनायक की सेना में

वानर-भल्लूकों की टोली

करती गर्जन ‘श्री राम’ नाम । |1|

एक ओर खड़ा है दैत्यराज

दूसरी ओर खड़े हैं अवधनाथ

शक्ति को आमंत्रित करके

सब बाणों को अभिमंत्रित करके

चढ़ा धनुष पर दिव्य अस्त्र

रघुपति करते हैं वार सकल

रावण क्षण भर में, काट देता

कौशलेन्द्र के बाण सभी। |2|

गया दिवस और हुई रात्रि

पश्चिम में जल्दी से डूबे सूर्यदेव

शायद विध्वंस न देख सके

रघुनायक की सेना का।

शिविर में सब थे चिंतामग्न

रघुपति से बोले जाम्बवंत

रावण की माया को हरने

जगदम्बा भजिये दीन नाथ। |3|

श्री राम बैठे कुश आसन पर

नित जाप रहे हैं शक्ति नाम

अर्पित करते हैं कमल पुष्प

मंत्र जाप में ध्यानमग्न

ऐसे ही बीते सात दिवस।

आठवें दिवस विधिवत्

पूर्ण हुए सब जाप सकल

अंतिम पुष्प चढ़ाने को

रघुपति ने हाथ बढ़ाया

पर कमल न पाया।

आसन से उठ वे सकते नहीं

किसी और से कह सकते नहीं

भंग होगी तपस्या दुष्कर। |3|

बह निकली सहज ही अश्रुधार

राजीवनयन के नैनों से

“रावण की अब होगी विजय

क्या होगा अब वैदेही का?

ले आया था उसका हाथ थाम

अयोध्या की महारानी बनाने को

पर हाय नियति का क्रूर खेल!

चौदह वर्षों का कठिन समय

उजड़े जंगल वीरानों में

घूमती फिरी मिथिला की राजकुमारी

बस मेरा संग निभाने को।”

“जो वानर का चित्र देख डर जाती थी

अब हिंसक पशुओं से बतियाती थी

सुन्दर व्यंजन खाने वाली

अब कंद मूल पर रहती थी

जो पालकी से कभी उतरी नहीं

वन के पथरीली भूमि पर

नंगे पैरों ही कोसों चलती थी।” |4|

“दूंगा अब माँ को क्या उत्तर

कहाँ खो आया उनकी पुत्रवधू?

टकराता रहा हूँ लहर बन

चट्टानों से आजीवन

सब संघर्ष रहा स्वीकार मुझे

जो भी नियति मुझे दान में दे

पर हाय विधि धिक्कार तुझे

क्यों लूट लिया जीवन मुझ से?” |5|

तभी स्मरण हुआ रघुपति को

माता बचपन में कहती थी कमलनयन

तरकश से राघव बाण उठा

ज्यों ही नयन अर्पित करने को हुए उद्यत

भगवती ने लिया हाथ पकड़

“मेरा आशीर्वाद सकल

नहीं जायेंगे बाण निष्फल

रावण का अब होगा मरण

विजय श्री करेगी तुम्हारा वरण।” ॥ 

~ आशुतोष

(कविता का कथानक इस बात पर केंद्रित है कि युद्ध में आरंभिक असफलताओं के मिलने पर श्री राम 'शक्ति' की आराधना करते हैं। 

हालांकि मूल वाल्मीकि रामायण एवं तुलसीदास के रामचरितमानस में राम द्वारा विभिन्न अनुष्ठान करने का वर्णन है, परंतु उन्हें मुख्यतः रामेश्वरम् में शिवलिंग की स्थापना एवं पूजा करते हुए दिखाया गया है। 

देवी दुर्गा की पूजा का उल्लेख नहीं मिलता।

परंतु बंगला भाषा में लिखित कृतिवास रामायण में श्री राम को देवी दुर्गा की पूजा करते हुए दिखाया गया है।

इस विषय पर सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' जी की कविता 'राम की शक्तिपूजा' हिंदी साहित्य की सर्वश्रेष्ठ कृतियों में से एक है।

मेरी कविता 'भगवती का आशीष' कृतिवास रामायण की इसी कथा पर मेरा स्वयं का प्रयास है।)


Comments

Popular posts from this blog

भारत - माता या बाप ?

जंतर मंतर पर पूछा गया कि भारत माता है या बाप,  मैं कहता हूं, पूछो पूछो उस १३ साल के आदि-शंकर के पद चिन्हों से, जो आज तक केरल से लेकर, इस देश की विशाल भूमि के चारों कोनों को नापे हुए हैं।  हाँ, पूछो वराह मिहिर के ज्यामितीय आकारों से,  भास्कर की कैलकुलस की प्रमेयों से,  और तक्षशिला के उन विशाल कक्षा कक्षों से, जहां दुनियाभर से आए हुए छात्रों को, विष्णगुप्त आज भी व्याख्यान दे रहा है। उस पाटलिपुत्र के महल के, प्राचीन ध्वंसावशेष से भी पूछना, अगर ढूंढ सको तो,  जहां चन्द्रगुप्त रहता था, जिसके हाथियों से डरकर सिकंदर, पंजाब से ही वापस लौटा था। पूछो उस शक विध्वंसक प्रतापी विक्रमादित्य से, जिसने विक्रम संवत चलाया था या उस सिक्के से जिस पर समुद्रगुप्त वीणा बजा रहा है,  पूछ सको तो पूछो उन बौद्ध भिक्षुओं की लिखी पांडुलिपियों से,  जिनमें महादानी हर्षवर्धन प्रयाग में, अपना वस्त्र छोड़कर सर्वस्व दान दे रहा है। जाओ पूछो !  पूछो उस तराईन के मैदान से, जहां गौरी अपना सिर झुकाए , पृथ्वीराज की तलवार से, क्षमा की भीख मांग रहा है। पूछो उस चित्तौड़ के वीरान जंगल के बूढ़े प...

जय हिंद

पंद्रह अगस्त का दिन था, मैं लंबे चौड़े नारे लगाकर घर लौट रहा था । हों भी क्यों न,  आज मेरे अंदर का  देशभक्त जो जगा था । मेरी समझ में देश संविधान था, कानून था,  स्वतंत्रता थी, मौलिक अधिकार था । तो जब 'जय हिंद' कहता,  तो उस नियम का जयघोष करता,  जो इस विशाल जमीन  के टुकड़े को, एक आदमी के रहने लायक बनाता है। रास्ते में मुझे एक छोटी सी लड़की दिखी, जो कागज के तिरंगे बेच रही थी। भूख से हड्डियां नुकीली,  और चेहरा म्लान सा कमजोर, उसने वही मैले वस्त्र पहने थे,  जो शायद शहर के लोग,  नेकी की दीवार पर छोड़ जाते हैं। मेरे अंदर करुणा का बुद्ध जगा, मैं उसके पास गया, और एक तिरंगे का दाम पूछा । उसने कहा पांच, मैने एक तिरंगा उससे लिया, और अपने बटुए की जेब में ठूंसा हुआ, पांच सौ का नोट  उसे थमाने लगा । उसने कहा, "मेरा देश बिकाऊ नहीं है", और तिरंगा मेरे हाथ में थमा दिया  । मैं  वहीं खड़ा  रहा, और उसे लोगों की भीड़ में, ओझल होता हुआ देखता रहा। उसके अंतिम शब्द थे, "जय हिंद", आज मैं अपने आप पर शर्मिंदा था, शायद मुझे ' जय ...