पंद्रह अगस्त का दिन था,
मैं लंबे चौड़े नारे लगाकर घर लौट रहा था ।
हों भी क्यों न,
आज मेरे अंदर का देशभक्त जो जगा था ।
मेरी समझ में देश संविधान था, कानून था,
स्वतंत्रता थी, मौलिक अधिकार था ।
तो जब 'जय हिंद' कहता,
तो उस नियम का जयघोष करता,
जो इस विशाल जमीन के टुकड़े को,
एक आदमी के रहने लायक बनाता है।
रास्ते में मुझे एक छोटी सी लड़की दिखी,
जो कागज के तिरंगे बेच रही थी।
भूख से हड्डियां नुकीली,
और चेहरा म्लान सा कमजोर,
उसने वही मैले वस्त्र पहने थे,
जो शायद शहर के लोग,
नेकी की दीवार पर छोड़ जाते हैं।
मेरे अंदर करुणा का बुद्ध जगा,
मैं उसके पास गया,
और एक तिरंगे का दाम पूछा ।
उसने कहा पांच,
मैने एक तिरंगा उससे लिया,
और अपने बटुए की जेब में ठूंसा हुआ,
पांच सौ का नोट उसे थमाने लगा ।
उसने कहा, "मेरा देश बिकाऊ नहीं है",
और तिरंगा मेरे हाथ में थमा दिया ।
मैं वहीं खड़ा रहा,
और उसे लोगों की भीड़ में,
ओझल होता हुआ देखता रहा।
उसके अंतिम शब्द थे, "जय हिंद",
आज मैं अपने आप पर शर्मिंदा था,
शायद मुझे ' जय हिंद ' का असली
मतलब नहीं पता था।
Comments
Post a Comment